गरियाबंद मुठभेड़ में 10 नक्सली ढेर, सुरक्षाबलों ने बड़े इनामी मोडेम बालाकृष्णन मार गिराए

PTV BHARAT 12 SEPT 2025 गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को गरियाबंद जिले के मटाल पहाड़ों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सली कई राज्यों में सक्रिय थे और उन पर छत्तीसगढ़, ओडिशा व आंध्रप्रदेश सरकार ने करोड़ों रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इनमें सबसे बड़ा नाम मनोज उर्फ मोडेम बालाकृष्णन उर्फ भास्कर उर्फ बालन्ना का है, जो सेंट्रल कमेटी का सदस्य था और उसके पास अत्याधुनिक एके-47 हथियार था। सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए इस अभियान में नक्सलियों को नए क्षेत्र में पांव जमाने से पहले ही नष्ट कर दिया गया। एडीजी एंटी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि अभियान अभी भी जारी है और सुरक्षा बल इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलियों को नए इलाकों में फैलने से रोकना इस अभियान की बड़ी उपलब्धि है। एसपी निखिल राखेचा ने कहा कि आठ महीने पहले नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील की गई थी और अभी भी कहा जा रहा है कि जो लोग मुख्यधारा से भटक गए हैं वे सरकार की समर्पण नीति का लाभ लेकर समाज में वापस लौट सकते हैं। उन्होंने जवानों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने पूरे धैर्य और संयम के साथ अभियान चलाया। अभियान के दौरान घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। दो हेलीकॉप्टर की मदद से मारे गए नक्सलियों के शव और बरामद हथियार गरियाबंद रक्षित केंद्र लाए गए। सुरक्षा बलों ने एके-47, एसएलआर, इंसास, 303 रायफल, 12 बोर गन समेत विस्फोटक सामग्री जब्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *