PTV BHARAT 25 SEPT 2025 एजेंसी नई दिल्ली। लद्दाख को राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन बुधवार को हिंसक हो गया। इस हिंसा में चार लोगों की जान चली गई और 30 पुलिस व सीआरपीएफ जवानों समेत 70 लोग घायल हुए हैं। भाजपा ने बुधवार को आरोप लगाया कि लद्दाख में हुई हिंसा कांग्रेस की खतरनाक साजिश का हिस्सा थी, जिसका मकसद देश में बांग्लादेश, नेपाल और फिलीपींस जैसी परिस्थितियां पैदा करना था। आज लद्दाख में विरोध प्रदर्शनों को ‘जेन जी’ द्वारा संचालित दिखाने की कोशिश की गई। लेकिन, जांच में पता चला कि यह ‘जेन जी’ का विरोध नहीं था, बल्कि कांग्रेस का था। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा-कांग्रेस की मंशा खराब है। यह कांग्रेस की साजिश है। ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे इंशाअल्ला, इंशाअल्ला’ कांग्रेस का मुख्य नारा है। यह जार्ज सोरोस के साथ राहुल गांधी की साजिश है। चूंकि, वह जनता से समर्थन नहीं पा सकते, इसलिए देश को तोड़ने की साजिश रचते हैं। पात्रा ने कहा, राहुल गांधी बार-बार युवाओं को बांग्लादेश और नेपाल जैसी स्थिति पैदा करने के लिए उकसाते हैं। इन दिनों फिलीपींस में यह सब हो रहा है। वह भारत में भी ऐसी ही स्थिति पैदा करना चाहते हैं। क्या यह कांग्रेस की सही लीडरशिप है?
लद्दाख में हिंसा कांग्रेस की साजिश का हिस्सा- भाजपा
