PTV BHARAT 07 OCT 2025 छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने आज कोरिया के कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में बैकुण्ठपुर आकांक्षी ब्लॉक में संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। श्री डेका ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केवल बैठकों और रिपोर्ट पर निर्भर न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर वस्तुस्थिति का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र विकास की सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकताएँ है। राज्यपाल ने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत 40 संकेतकों के अनुसार कार्यों की समीक्षा की। राज्यपाल ने कहा कि कुपोषण, महिला स्वास्थ्य और कैंसर जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए फील्ड स्तर पर लगातार काम करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी और स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ, साफ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कुपोषण, एनीमिया जैसी गम्भीर बीमारियों के रोकथाम के लिए लगातार गांवों का दौरा करें और समुचित समाधान करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने ग्रामीणों को बंजर भूमि पर डबरी निर्माण, बागवानी और सब्जी की खेती के माध्यम से जीवन स्तर सुधारने और आर्थिक लाभ बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों के अध्ययन के लिए घरों में विशेष कक्ष तैयार करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने की सलाह दी।
राज्यपाल रमेन डेका ने बैकुण्ठपुर आकांक्षी ब्लॉक में विकास योजनाओं की समीक्षा की
