बीजापुर में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

PTV BHARAT 14 OCT 2025 बीजापुर। ताड़पाला बेस कैंप से कोबरा 206, सीआरपीएफ 229, 153 और 196 और बीजापुर पुलिस की एक संयुक्त टीम ने केजीएच तलहटी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाई गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। 51 जीवित बीजीएल, एचटी एल्यूमीनियम तार के 100 बंडल, 50 स्टील पाइप (बीजीएल निर्माण के लिए, बड़ी मात्रा में बिजली के तार, 20 लोहे की चादरें और 40 लोहे की प्लेटें बरामद की गईं। तलाशी अभियान के दौरान, नक्सलियों द्वारा लगाए गए पांच प्रेशर आईईडी भी बरामद किए गए और सुरक्षा बलों द्वारा निष्क्रिय कर दिए गए।जिले से एक और नक्सली वारदात की खबर सामने आई है। मद्देड एरिया कमेटी के नक्सलियों ने भाजपा कार्यकर्ता पूनम सत्यम की हत्या कर दी है।घटना की जिम्मेदारी खुद नक्सलियों ने ली है। मिली जानकारी के अनुसार भाजपा के मंडल कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय पूनम सत्यम को नक्सलियों ने मुखबिरी के आरोप में मौत के घाट उतार दिया।घटना स्थल से पुलिस को एक पर्चा भी मिला है, जिसमें हत्या की वजहों का उल्लेख करते हुए नक्सलियों ने लिखा है कि “काफी दिनों से उसे टारगेट पर रखा गया था, कई बार समझाइश दी गई, लेकिन उसने बात नहीं मानी।”पर्चे में मद्देड एरिया कमेटी ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है और इसे “जन कार्रवाई” बताया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके की ओर रवाना हो गए हैं। इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक पूनम सत्यम भाजपा की मंडल इकाई में सक्रिय था और पिछले कुछ महीनों से पार्टी गतिविधियों में लगातार हिस्सा ले रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *