शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बच्चों संग “विष्णु के दिया”  कार्यक्रम में मनाई दीपावली

PTV BHARAT 20 OCT 2025 दीपावली के पावन अवसर पर आज दुर्ग के शक्तिनगर स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में “विष्णु के दिया” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने बच्चों के साथ दीप जलाकर और फटाके फोड़कर दीपावली की खुशियाँ साझा कीं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में आयोजित इस अनूठे आयोजन में मंत्री यादव ने बच्चों संग दीपोत्सव मनाकर शिक्षा और संस्कृति का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।मंत्री यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली का यह पर्व ज्ञान, प्रकाश और संस्कृति का प्रतीक है। जिस प्रकार दीप अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार शिक्षा जीवन से अज्ञान का अंधकार मिटाती है। उन्होंने “स्कूल आ पढ़े बर, जिनगी ल गढ़े बर” थीम के तहत बच्चों को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए नियमित अध्ययन करने की प्रेरणा दी। मंत्री यादव ने कहा कि विद्यालय परिसर में दीप प्रज्वलन का उद्देश्य यह संदेश देना है कि हर कक्षा, हर मन और हर घर में शिक्षा का उजाला फैले। इस अवसर पर उपस्थित सभी ने “ज्ञान ही सच्चा प्रकाश है” के संकल्प को दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *