PTV BHARAT 24 OCT 2025 रायपुर। डिप्टी CM अरुण साव ने बस्तर ओलिंपिक 2025 की जानकारियों को साझा किया। डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा, बस्तर ओलंपिक के ऐतिहासिक आयोजन को लेकर प्रदेश के युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। इस वर्ष रिकॉर्ड 3 लाख 91 हजार 297 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें 2 लाख 27 हजार 629 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। यह संख्या पिछले वर्ष के 1 लाख 65 हजार खिलाड़ियों की तुलना में दोगुने से भी अधिक है, जो प्रदेश में बढ़ती खेल संस्कृति और महिला सहभागिता का प्रमाण है। यह उपलब्धि साय सरकार द्वारा स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, जनजागरूकता बढ़ाने और महिला सशक्तिकरण को गति देने के सतत प्रयासों का परिणाम है। प्रतियोगिता के लिए विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। तीनों स्तरों पर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा, जबकि संभाग स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राज्य के खेल अकादमी में प्रवेश का अवसर प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष बस्तर ओलंपिक के 11 खेलों में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कबड्डी, कराते, वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन, हॉकी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल और रस्साकसी में खिलाड़ी अपने हुनर और जज्बे का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन न केवल खेलों को नई दिशा देगा, बल्कि बस्तर की युवा ऊर्जा को राज्य और देश की मुख्यधारा से जोड़ने का भी माध्यम बनेगा।
डिप्टी CM अरुण साव ने बस्तर ओलिंपिक 2025 की जानकारियों को किया साझा
