आज से शुरू होगा SIR,7 फरवरी 2026 तक चलेगी प्रक्रिया

PTV BHARAT 28 OCT 2025 एजेंसी नई दिल्ली। बिहार में मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआइआर) का काम पूरा होने के बाद चुनाव आयोग ने सोमवार को उत्तर प्रदेश, बंगाल, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआइआर के दूसरे चरण की घोषणा की। यहां एसआइआर का काम मंगलवार यानी आज 28 अक्टूबर से शुरू हो जाएगा और सात फरवरी तक चलेगा। इस चरण में असम को छोड़कर वे चार राज्य भी शामिल हैं, जहां अगले साल यानी 2026 की शुरूआत में ही विधानसभा चुनाव होने हैं। असम में सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में चल रही नागरिकता की जांच के चलते आयोग ने यहां बाद में एसआइआर कराने का फैसला लिया है। वैसे यह जांच लगभग अंतिम चरण में है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका एलान किया। इस मौके पर दोनों चुनाव आयुक्त डॉ. एसएस संधू और डॉ. विवेक जोशी भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि बिहार में सफलतापूर्वक कराए गए एसआइआर और उसके अनुभवों के आधार पर दूसरे चरण के एसआइआर में कुछ गणना फार्म समेत दस्तावेज आदि की जांच के तरीके में थोड़ा बदलाव किया गया है। इससे मतदाताओं को और ज्यादा सहूलियत मिलेगी। जिन 12 राज्यों में दूसरे चरण में एसआइआर का काम होने जा रहा है, उनमें मतदाता की संख्या करीब 51 करोड़ है। इनमें सबसे अधिक 15.44 करोड़ मतदाता अकेले उत्तर प्रदेश में है, जबकि बंगाल में 7.66 करोड़, तमिलनाडु में 6.41 करोड़, मध्य प्रदेश में 5.74 करोड़, राजस्थान में 5.48 करोड़ व छत्तीसगढ़ में 2.12 करोड़ मतदाता हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस दौरान साफ किया है कि जिन 12 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में एसआइआर की घोषणा की गई है, उन सभी राज्यों की मतदाता सूची में तत्काल प्रभाव से फेरबदल पर रोक लगा दी है। इस बीच इनमें न तो कोई नाम जोड़ा जा सकेगा और न ही हटाया जा सकेगा। एसआइआर के दौरान प्रत्येक मतदाता को एक यूनिक फॉर्म दिया जाएगा। इसमें पुराना पता, फोटो आदि छपा हुआ होगा। यदि मतदाता उस पते पर नहीं रह रहा है तो वह उसमें संशोधन कर सकता है। आयोग ने इस दौरान मतदाताओं को सुझाव दिया है कि गणना फार्म में अपने रंगीन फोटो लगाएं ताकि जो पहचान पत्र जारी किए जाने हैं, उनमें चेहरे उभरकर सामने आ सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *