PTV BHARAT 17 NOV 2025 रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) चल रहा है। चुनाव आयोग के मार्गदर्शन में सभी बीएलओ घर-घर पहुँचकर मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण के काम में लगे हैं। श्रीमती पाण्डेय ने सोमवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस ब्रीफ में कहा कि भाजपा ने अपने बी एल ए 2 सभी बूथ स्तर पर नियुक्त कर दिए हैं, जिन्हें कहा गया है कि विशेष पुनरीक्षण के कार्य पर सुझाव देते रहें। भाजपा अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि भाजपा के पूर्व सांसद व एसआईआर प्रदेश प्रभारी श्री जामयांग त्सेरिंग नामग्याल भी 6 दिनों के छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए हुए हैं। श्री नामग्याल छत्तीसगढ़ में पाँच सम्भागीय स्तर पर एसआईआर टोलियों की बैठक लेकर मार्गदर्शन कर रहे हैं। श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा सभी राजनीतिक दलों को भी एसआईआर की जानकारी दी गई थी ताकि राजनीतिक दलों के बीएलए 1 व 2 बीएलओ के साथ रहकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर सकें। चुनाव आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन भाजपा कर रही है। सभी विधानसभाओं में भाजपा की ओर से नियुक्त बीएलए 1 बीएलए 2 पर नजर रखे हुए हैं और बीएलओ से सहयोगात्मक रवैया अपनाने का अनुरोध कर रहे हैं।

