PTV BHARAT 11 DECEMBER 2025 बस्तर। एक समय हिंसा और भय से घिरा रहने वाला बस्तर अब तेजी से बदल रहा है और इस परिवर्तन का सबसे चमकदार उदाहरण है बस्तर ओलंपिक्स 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में कहा कि “जो बस्तर कभी लाल आतंक की पहचान से जाना जाता था, आज वही बस्तर युवाओं की ऊर्जा, खेल प्रतिभा और सकारात्मक बदलाव का केंद्र बन चुका है।” मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष आयोजित दूसरे संस्करण में खिलाड़ियों की भागीदारी में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार दोगुने से भी अधिक खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं, जो दर्शाता है कि बस्तर के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और बेहतर भविष्य बनाने की आकांक्षा लगातार बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि बदलते बस्तर की मजबूत पहचान है। उन्होंने मंच से अपनी बात रखते हुए कहा कि बस्तर अब भय और बंदूकों का इलाका नहीं, बल्कि अवसरों और सपनों का नया लॉन्च पैड बन चुका है। खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह यह साबित करता है कि अब बस्तर का युवा अपने भविष्य को लेकर आत्मविश्वास से भरा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर सुविधाएँ, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध करा रही है। बस्तर ओलंपिक्स ने युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और खेलों में करियर बनाने के नए रास्ते खोले हैं। स्थानीय खेलों से लेकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के अनुरूप आयोजनों ने न सिर्फ खेल भावना को बढ़ाया है, बल्कि क्षेत्र में शांति और सामुदायिक एकता की नई मिसाल भी पेश की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले-“अब युवा ऊर्जा और सपनों का लॉन्च पैड बन चुका है बस्तर”
