रेलवे के ग्रुप ‘C’ कर्मचारी के साथ क्लास-1 अधिकारी द्वारा गाली-गलौज व दादागिरी के विरोध में WRS रायपुर में धरना प्रदर्शन

PTV BHARAT 24 DEC 2025 दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में कार्यरत एक ग्रुप ‘C’ कर्मचारी के साथ रेलवे के क्लास-1 अधिकारी द्वारा अभद्र भाषा, गाली-गलौज एवं दादागिरीपूर्ण व्यवहार किए जाने की गंभीर घटना के विरोध में आज दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ के बैनर तले WRS रायपुर कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
संघ का कहना है कि उक्त अधिकारी द्वारा एक अधीनस्थ कर्मचारी को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना न केवल सेवा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह श्रमिकों के सम्मान और आत्मसम्मान पर सीधा प्रहार है। रेलवे प्रशासन में इस प्रकार का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि समय रहते संबंधित अधिकारी के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।
संघ की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
संबंधित क्लास-1 अधिकारी के विरुद्ध तत्काल जांच।
दोषी पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई।
भविष्य में कर्मचारियों के साथ इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस निर्देश जारी किए जाएं।
धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित हैं और सभी ने एक स्वर में कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा एवं गरिमा की रक्षा की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *