PTV BHARAT 19 JANUARY 2026 रायपुर। Brahmavid Sports Center द्वारा आयोजित KAIDOS जूनियर प्रो लीग (U-15 फुटबॉल लीग) का शुभारंभ रविवार, 18 जनवरी 2026, को Brahmavid The Global School, रायपुर में शानदार अंदाज़ में हुआ। पहले दिन कुल चार रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें युवा खिलाड़ियों की ऊर्जा, कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने लायक रही। इस लीग में 8 टीमें लीग फॉर्मेट में खेल रही हैं, जहां हर मैच अंक तालिका के लिए बेहद अहम है। पहले मुकाबले में ब्रह्मविद ब्लू ने एलीट रेड को 3–0 से करारी शिकस्त दी। इस मैच के हीरो दक्ष बद्लानी रहे, जिन्होंने महज़ दो मिनट के अंतराल में लगातार दो गोल दागकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उन्होंने 35वें और 37वें मिनट में गोल किए। इससे पहले युवराज ने 31वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे मैच में रायपुर यूनाइटेड एफसी ने रियल रायपुर एफसी को 1–0 से हराया। मुकाबला कड़ा रहा, लेकिन वाई. मुसानी के निर्णायक गोल ने रायपुर यूनाइटेड को जीत दिला दी। तीसरे मुकाबले में रामा एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रह्मविद रेड को 4–0 से पराजित किया। रामा एफसी की ओर से गगन, पुलकित, अभिनव और उमंग ने एक-एक गोल कर टीम की आक्रामक ताकत का बेहतरीन प्रदर्शन किया। दिन के चौथे और अंतिम मुकाबले में एमर्स एफसी ने एलीट एफसी ब्लू पर 5–0 की बड़ी जीत दर्ज की। मैच का पहला गोल इधान्त ने 5वें मिनट में किया, जिसके बाद एमर्स एफसी ने लगातार चार और गोल कर मुकाबले को पूरी तरह अपने नाम कर लिया। पहले ही दिन चार मैचों में 13 गोल देखने को मिले, जिसने यह साफ कर दिया कि KAIDOS जूनियर प्रो लीग आगे और भी ज़्यादा रोमांचक होने वाली है। युवा फुटबॉल प्रतिभाओं के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों और आयोजकों—दोनों में जबरदस्त उत्साह भर दिया है।
रोमांचक मैचों के साथ KAIDOS जूनियर प्रो लीग (U-15) का धमाकेदार आगाज़
