PTV BHARAT 22 JANUARY 2026 रांची। झारखंड पुलिस व सीआरपीएफ के जवानों ने गुरुवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरिबुरू थाना क्षेत्र स्थित सारंडा जंगल में माओवादियों के विरुद्ध झारखंड के इतिहास का पहला व सबसे बड़ा अभियान ‘आपरेशन मेगाबुरु’ चलाया। इस अभियान में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी अनल, 25 लाख के इनामी अनमोल, 15 लाख के इनामी अमित मुंडा सहित कुल 15 माओवादियों को मार गिराया है। मारे गए 15 माओवादियों के 11 की पहचान हो चुकी है। सभी कुख्यात हैं। इनके विरुद्ध झारखंड सरकार, ओडिशा सरकार ने तो इनाम रखा ही था, राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने भी कइयों को इनामी घोषित किया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- “आज पश्चिमी सिंहभूम में CRPF और झारखंड पुलिस द्वारा चल रहे एक जॉइंट ऑपरेशन में ₹1 करोड़ का कुख्यात इनामी नक्सली सेंट्रल कमेटी मेंबर ‘अनल उर्फ पतिराम मांझी’ और 15 अन्य नक्सलियों के अब तक एनकाउंटर से नक्सलमुक्त अभियान को बड़ी सफलता मिली। दशकों से भय और आतंक के पर्याय रहे नक्सलवाद को हम 31 मार्च 2026 से पहले समाप्त करने के लिए संकल्पित हैं। मेरी पुनः शेष बचे नक्सलियों से अपील है कि हिंसा, आतंक और हथियारों से जोड़ने वाली विचारधारा को छोड़ विकास और विश्वास की मुख्यधारा से जुड़ें।”
ऑपरेशन मेगाबुरु में मोस्टवांटेड अनल, अनमोल, अमित मुंडा समेत 15 नक्सली ढेर
