राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने केशकाल में सड़क उन्नयन कार्य का लिया जायजा

PTV BHARAT 07 FEBRUARY 2026 राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जगदलपुर आगमन से पूर्व छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को सड़क मार्ग से रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने केशकाल नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर प्रगतिरत नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 बस्तर संभाग को राजधानी रायपुर एवं अन्य राज्यों से जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है, अतः निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें।मुख्यमंत्री श्री साय ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि केशकाल नगर के साथ-साथ केशकाल बायपास का निर्माण कार्य भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ कराया जाए तथा निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सके।तत्पश्चात राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय कोंडागांव पहुंचे, जहां उन्होंने बिहान योजना के अंतर्गत स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित “मोर सुआद दीदी की रसोई” का अवलोकन किया। इस दौरान बिहान समूह की महिलाओं ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री का पारंपरिक रूप से आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्थानीय व्यंजन फरा एवं अंगाकर रोटी का स्वाद चखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *