स्व० कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट स्पर्धा की चमचमाती ट्रॉफी इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन के नाम

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई 2026 के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट स्पर्धा का खिताब इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने विस्तार न्यूज को सात विकेट से पराजित करते हुए शानदार जीत दर्ज की। संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक इलेवन के कप्तान मोहन तिवारी ने विजेता टीम की ओर से ट्रॉफी ग्रहण की। संजय सिंहदेव को मैन ऑफ द सीरीज तथा हेमंत डोंगरे को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस भव्य टूर्नामेंट में कुल 22 अलग-अलग टीमों ने भाग लिया। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया।
टूर्नामेंट की शुरुआत दो आकर्षक शो मैचों से हुई। पहला शो मैच संपादक इलेवन और पूर्व पदाधिकारी इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें वरिष्ठ पत्रकारों ने खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं दूसरा शो मैच महिला पत्रकारों की टीमों के बीच आयोजित किया गया, जिसने आयोजन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
फाइनल मुकाबला नेताजी सुभाष स्टेडियम में खेला गया। विस्तार न्यूज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन निर्धारित 12 ओवर में पूरी टीम 60 रन पर सिमट गई। मुकेश दरयाब ने 10 गेंदों में 20 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया। मृगेंद्र पांडे ने 8 और किशन साहू ने 6 रन जोड़े। संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक इलेवन की ओर से हेमंत डोंगरे और संतोष साहू ने 3-3 विकेट, ऋषि नेताम और लक्ष्मण लेखवानी ने 2-2 विकेट हासिल किए।
61 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक इलेवन ने 7.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। हेमंत डोंगरे ने 14, तिलक साहू ने 12 और लक्ष्मण लेखवानी ने 17 रन बनाए, जबकि ईमरान कुरैशी 2 रन पर नाबाद रहे। हेमंत डोंगरे को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *