दो करोड़ से अधिक गबन, बिल्हा स्टेट बैंक से महिला कैशियर गिरफ्तार

PTV BHARAT 26 FEBRUARY 2026 रायपुर। छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के क्रम में छत्तीसगढ़ एसीबी की टीम ने दो करोड़ रुपये से अधिक के गबन के आरोप में महिला कैशियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा को State Bank of India की बिल्हा शाखा से हिरासत में लिया गया। मामले में बैंक के रिकॉर्ड और खातों में कथित छेड़छाड़ कर 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार 600 रुपये की अनियमितता किए जाने का आरोप है। यह कार्रवाई शाखा प्रबंधक द्वारा की गई शिकायत के आधार पर की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिल्हा शाखा के शाखा प्रबंधक ने राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण/एंटी करप्शन ब्यूरो मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच बैंक में पदस्थ कैशियर और अन्य कर्मचारियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक के वित्तीय रिकॉर्ड, लेन-देन विवरण और खातों में छेड़छाड़ की। आरोप है कि इस दौरान योजनाबद्ध तरीके से 2,06,37,600 रुपये का गबन कर बैंक को गंभीर आर्थिक क्षति पहुंचाई गई शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीबी ने प्राथमिक जांच के बाद 19 जनवरी 2026 को आरोपी कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा और अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया। आरोपियों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(A), 13(2) सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। इसके बाद प्रकरण की विस्तृत जांच शुरू की गई, जिसमें बैंकिंग लेन-देन, आंतरिक रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसी बीच बैंक द्वारा विभागीय स्तर पर कराई गई आंतरिक जांच में भी गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट में कैशियर और अन्य कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई तथा खातों में हेरफेर और राशि के गबन के संकेत मिले। विभागीय जांच के निष्कर्षों को एसीबी जांच में भी महत्वपूर्ण आधार माना गया। एसीबी की टीम ने दस्तावेजी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रेल और डिजिटल रिकॉर्ड का मिलान करते हुए आरोपों की पुष्टि के लिए तकनीकी परीक्षण किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *