PTV BHARAT 13 APRIL 2026 रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने बताया है कि 14 अप्रैल को भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 136वीं जयंती भाजपा प्रदेशभर में प्रभावशाली कार्यक्रमों के साथ मनाने जा रही है। श्री सोनी ने सोमवार को यहाँ कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता में भाजपा द्वारा रखे जा रहे कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला और बताया कि प्रतिवर्ष भाजपा द्वारा डॉ. अंबेडकर की गरिमा और सम्मान के अनुरूप राष्ट्रव्यापी स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।भाजपा प्रदेश महामंत्री सोनी ने बताया कि जयंती के कार्यक्रमों के क्रम में सबसे पहले सोमवार 13 अप्रैल को पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार प्रत्येक उन स्थलों पर जहां डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा है, वहाँ चौक-चौराहों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया एवं प्रतिमा व प्रतिमा स्थल की साफ सफाई की गई। इसी के साथ सोमवार की संध्या भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक विकासखंडों, नगर पंचायत, नगर पालिकाओं में बाबा साहब की प्रतिमा के सम्मुख दीप जलाकर दीपोत्सव का कार्यक्रम रखा। श्री सोनी ने कहा कि कल मंगलवार, 14 अप्रैल को बाबासाहब की जयंती के अवसर पर सभी मंडल कार्यालयों, विधानसभा कार्यालयों, जिला कार्यालयों एवं प्रदेश कार्यालय में बाबासाहब के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा एव उनके जीवन पर प्रकाश डाला जाएगा और देश को उनके महती योगदान पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा प्रदेशभर में भारतरत्न डॉ. अम्बेडकर की 136वीं जयंती प्रभावशाली कार्यक्रमों के साथ मनाएगी
