ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, मुंबई-उड़ीसा समेत 20 आरोपी गिरफ्तार

PTV BHARAT 15 APRIL 2026 रायपुर – रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट की क्राइम एवं साइबर यूनिट ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी और संगठित कार्रवाई करते हुए देश के कई राज्यों में फैले एक बड़े सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुंबई (महाराष्ट्र) और भवानीपटना सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तीन बड़े पैनल नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त कर दिए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की सतत मॉनिटरिंग में की गई। पुलिस टीम को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय सटोरिये एक संगठित गिरोह के रूप में ऑनलाइन बैटिंग एप्स का संचालन कर रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश सहित छत्तीसगढ़ के दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, महासमुंद, बालोद और रायपुर जिलों में सक्रिय था। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय दस्तावेज भी जब्त किए हैं। जब्त सामान में 10 लैपटॉप, 87 मोबाइल फोन, 3 एलईडी टीवी, 72 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 3 चेकबुक, 1 पासबुक, 1 कार, 3 वाईफाई राउटर और सट्टे से संबंधित 3 कॉपियों में हिसाब-किताब शामिल है। इसके अलावा 1,95,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *