PTV BHARAT 17 MAY 2026 बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच बछड़ों को बरामद किया गया है, जिन्हें वे झारखंड की ओर ले जा रहे थे। यह कार्रवाई ग्राम कुशफर निवासी रामकुमार यादव (32) द्वारा दी गई सूचना के आधार पर की गई। सूचना में बताया गया था कि दो व्यक्ति पांच बछड़ों और बैलों को बेरहमी से पीटते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। जानकारी मिलते ही सनावल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस के पहुंचने पर आरोपियों को मवेशियों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे मवेशियों को उत्तर प्रदेश के मंडरू टोला से खरीदकर झारखंड ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में कुशफर होते हुए धुरकी थाना क्षेत्र के खालाटोला गांव तक पहुंचना उनका उद्देश्य था। पुलिस ने मौके से सभी पांच मवेशियों को सुरक्षित बरामद कर लिया और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेर मोहम्मद अंसारी (25), निवासी खाला टोला सेराजनगर, थाना धुरकी, जिला गढ़वा (झारखंड) और परमात्मा यादव (45), निवासी कुशफर, थाना सनावल के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मवेशियों को अवैध तरीके से एक राज्य से दूसरे राज्य में ले जाया जा रहा था।
मवेशी तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, पांच बछड़ों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
