PTV BHARAT 03 JUNE 2026 रायपुर – ग्राम पंचायत हर्रा टिकरा क्लस्टर के जन समस्या निवारण शिविर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल हुए शामिल समाधान शिविर में प्राप्त हुए 1153 आवेदन, मौके पर ही कई मामलों का हुआ निराकरण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित सुशासन तिहार-2026 आम जनता और प्रशासन के बीच विश्वास, संवाद और त्वरित समाधान का सशक्त सेतु बनकर उभर रहा है। इसी कड़ी में सरगुजा जिला के अंबिकापुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्रा टिकरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने शामिल होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हर्रा टिकरा क्लस्टर के अंतर्गत आने वाली 27 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी वाले इस शिविर में कुल 1,153 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1,106 मांग संबंधी तथा 47 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। इनमें से 22 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर शासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली का परिचय दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण हेतु भेजा गया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनके वास्तविक लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में आयोजित सुशासन तिहार शासन की जवाबदेही और जनोन्मुखी कार्यसंस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अब नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है।
रायपुर :सुशासन तिहार-2026 :जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही सरकार की प्राथमिकता – राजेश अग्रवाल
