PTV BHARAT 06 JUNE 2026 रायपुर : विश्व पर्यावरण दिवस पर “खेत बचाओ अभियान” का शुभारंभ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश में टिकाऊ कृषि और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने की पहल करते हुए महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा “खेत बचाओ अभियान” का शुभारंभ किया गया। कृषि मंत्री रामविचार नेताम और दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में मृदा संरक्षण, प्राकृतिक खेती, जैविक उर्वरकों के उपयोग तथा कृषि नवाचारों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने भागीदारी की। अभियान के शुभारंभ के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया तथा कृषि, उद्यानिकी, प्राकृतिक खेती और मृदा स्वास्थ्य से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।स्वस्थ मिट्टी ही समृद्ध कृषि की आधारशिला कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रदेश की कृषि व्यवस्था को दीर्घकालिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मिट्टी की सेहत को संरक्षित रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित उपयोग से भूमि की उत्पादकता प्रभावित हो रही है। ऐसे में प्राकृतिक खेती, जैविक संसाधनों के उपयोग तथा मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों से जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य संवर्धन और पर्यावरण-अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार और वैज्ञानिक पद्धतियां किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
रायपुर : विश्व पर्यावरण दिवस पर “खेत बचाओ अभियान” का शुभारंभ
