PTV BHARAT 06 JUNE 2026 रायपुर : सुशासन तिहार-2026 का जिला स्तरीय समाधान शिविर अमलीडीहकला में संपन्न सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत खैरागढ़ जिले का अंतिम जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर अमलीडीहकला में आयोजित किया गया। अमलीडीहकला क्लस्टर की ग्राम पंचायत ढोलियाकन्हार, दिलीपपुर, खजरी, कटंगीकला, मुहडबरी, अकरजन, कांचरी, टेकापारकला, कुलीकसा, भूलाटोला, बाजगुड़ा, एटीकसा, बैहाटोला, कोहकाबोड़, कटंगीखुर्द, विक्रमपुर एवं कोड़ेनवागांव सहित कुल 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचे और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया। शिविर में कुल 753 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 750 मांग संबंधी एवं 3 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। कार्यक्रम का शुभारंभ विभागीय स्टॉलों के अवलोकन के साथ हुआ। विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी समस्याओं एवं मांगों से प्रशासन को अवगत कराया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है तथा जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और शासन-प्रशासन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत जिले में 19 समाधान शिविरों का सफल आयोजन किया गया, जिनमें लगभग 22 से 24 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। अधिकांश आवेदन मांग संबंधी हैं, जिन पर विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है तथा लोगों की समस्याओं के निराकरण में मदद मिली है। कलेक्टर ने बताया कि 9 जून से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के नवीन स्वरूप का शुभारंभ किया जा रहा है, जिसका लाभ नागरिक उठा सकेंगे। उन्होंने सुशासन तिहार को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सभापति दिनेश वर्मा, नगर पालिका खैरागढ़ अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य धम्मन साहू, जनपद सदस्य श्रीमती किरण विक्रम मानिकपुरी, शैलेन्द्र मिश्रा, कोमल वर्मा, गोरेलाल, चंदू वर्मा, श्रीमती नीलिमा गोस्वामी, महेंद्र वर्मा, मंजीत सिंधु, वरिष्ठ नागरिक आयश सिंह बोनी, बिसेसर साहू, ग्राम पंचायत अमलीडीहकला के सरपंच उपेश वर्मा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, 15 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
रायपुर : सुशासन तिहार-2026 का जिला स्तरीय समाधान शिविर अमलीडीहकला में संपन्न
