PTV BHARAT 06 JUNE 2026- रायपुर : किसान क्रेडिट कार्ड बनने से आसान हुई खेती- सुशासन तिहार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम जोधपुर निवासी किसान सानू कुमार रजवाड़े को भी इस पहल से बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के अभाव में खेती के लिए आवश्यक खाद और बीज निजी दुकानों से खरीदने को मजबूर सानू की समस्या का समाधान अब हो गया है। सानू कुमार बताते हैं कि किसान क्रेडिट कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें कृषि आदानों की खरीद नकद भुगतान कर करनी पड़ती थी। इससे खेती की लागत बढ़ जाती थी और कई बार आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सहकारी समिति से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ भी उन्हें नहीं मिल पा रहा था। सुशासन तिहार के दौरान उन्होंने समाधान शिविर में अपनी समस्या रखी। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका किसान क्रेडिट कार्ड बना दिया गया। अब वे सहकारी समिति के माध्यम से खाद और बीज आसानी से प्राप्त कर सकेंगे, जिससे खेती की तैयारियां अधिक सुगम हो गई हैं। सानू के अनुसार अब उन्हें निजी दुकानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। समय पर कृषि आदान उपलब्ध होने से खेती की लागत कम होगी और आर्थिक बचत भी होगी। वे कहते हैं कि एक छोटे से दस्तावेज ने उनकी बड़ी समस्या का समाधान कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार वास्तव में किसानों और आम नागरिकों के लिए राहत का माध्यम बन रहा है।
रायपुर : किसान क्रेडिट कार्ड बनने से आसान हुई खेती
