रायपुर : समाधान शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और समाधान का मजबूत सेतु: विधायक मोहले

PTV BHARAT 10 JUNE 2026 रायपुर : समाधान शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और समाधान का मजबूत सेतु: विधायक मोहले- सुशासन तिहार: मुंगेली के सतनाम भवन में समाधान शिविर का हुआ आयोजन  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंुगेली जिला मुख्यालय स्थित सतनाम भवन में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।  शिविर में विधायक पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को आमजनों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने और पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। शिविर में नुक्कड़-नाटक के माध्यम से स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए नागरिकों को घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे, सेनेटरी वेस्ट तथा स्पेशल केयर वेस्ट को अलग-अलग रखने तथा वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन में सहयोग करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही वास्तविक सुशासन है। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ई-केवाईसी कराने पर जोर दिया तथा बिजली चोरी पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र सभी हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। विधायक ने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण में जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिला प्रशासन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व विद्युत व्यवस्था के आवश्यक मेंटेनेंस कार्य पूर्ण करने तथा बिजली संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सुशासन तिहार के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री एवं स्वीकृति पत्र वितरित कर लाभान्वित किया गया। पांच किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना के तहत कुल 03 लाख 38 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके अलावा श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, राशन कार्ड एवं मत्स्य जाल का वितरण किया गया। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शिविर में संबंधित अधिकारी, जननप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *