2 हजार किलो गांजा को आग के हवाले करने की तैयारी, बस्तर पुलिस ने किया है जब्त

PTV BHARAT 12 JUNE 2026 जगदलपुर। बस्तर पुलिस 15 से 17 जून के बीच करीब 2234.648 किलो गांजा और 65 नशीली सिरप नष्ट करेगी। जिसकी कीमत करोड़ों में है। जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति ने निर्णय लिया है। ये गांजा पिछले कुछ समय में ही बस्तर के अलग-अलग लोकेशन से पकड़ा गया है। जिसकी तस्करी पड़ोसी राज्य ओडिशा से छ्त्तीसगढ़ के रास्ते देश के अन्य हिस्सों में हो रही थी। बस्तर पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को नगरनार स्थित NMDC के भस्मीकरण संयंत्र में जलाकर नष्ट किया जाएगा। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट की तरफ से जारी निर्धारित निर्देशों के तहत की जा रही है। SP शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के सुरक्षित निपटान के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति ने जब्त किए गए गांजा और अन्य मादक पदार्थों के नष्टीकरण का निर्णय लिया है। पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारियों और समिति के सदस्यों की मौजूदगी में होगी और इसका दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा। 15 जून को 772.482 किलोग्राम गांजा और 65 नशीली सिरप नष्ट की जाएंगी। 16 जून को 981.198 किलोग्राम गांजा नष्ट किया जाएगा। 17 जून को 480.968 किलोग्राम गांजा नष्ट किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के लिए कड़ा संदेश होगी। साथ ही जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को भी मजबूती मिलेगी। पुलिस लगातार गांजा तस्करी और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और बड़ी मात्रा में जब्ती की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *