PTV BHARAT 23 JUNE 2026- रायपुर : खेल गतिविधियों से नशा मुक्ति की राह आसान, कबड्डी-खो-खो और बैडमिंटन बन रहे पुनर्वास का माध्यम – जशपुर स्थित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में नशे की लत से उबर रहे हितग्राहियों के पुनर्वास के लिए खेल गतिविधियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। केंद्र में नियमित रूप से कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन सहित विभिन्न आउटडोर खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे हितग्राहियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का विकास हो रहा है।
केंद्र संचालकों के अनुसार खेल गतिविधियों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, बल्कि मानसिक तनाव कम होने और सामाजिक सहभागिता बढ़ने जैसे सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। इससे नशे की आदत से बाहर निकलने और सामान्य जीवन की ओर लौटने में हितग्राहियों को काफी सहायता मिल रही है।
जशपुर जिले में संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र पिछले दो वर्षों से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क सेवाएं प्रदान कर रहा है। भागलपुर रोड स्थित रणजीता स्टेडियम के पीछे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने संचालित इस केंद्र में योग, काउंसलिंग, पौष्टिक भोजन, आवासीय सुविधा तथा मनोरंजन के विविध साधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
समाज कल्याण विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उनके परिवार या आसपास कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा हो तो उसे नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराकर उपचार एवं पुनर्वास का लाभ दिलाएं। अधिक जानकारी के लिए केंद्र अधीक्षक नंद कुमार सिंह से मोबाइल नंबर +91-8103110460 पर संपर्क किया जा सकता है।

