PTV BHARAT 27 JUNE 2026 रायपुर : कन्हारगांव सेवा डेरा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की लगी जन चौपाल – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर प्रवास के दौरान नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल में स्थित कन्हारगांव सेवा डेरा पहुंचकर ग्रामीणों के साथ जन चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने जमीन पर बैठकर स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, स्व-सहायता समूहों की दीदियों तथा नागरिकों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ अब सुरक्षा कैंप जन सुविधा के केंद्र बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पहले सुरक्षा कैंप संचालित होते थे, उन्हें अब ‘वीर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। कन्हारगांव स्थित आईटीबीपी कैंप को भी सेवा डेरा के रूप में परिवर्तित किया गया है, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन सेवा डेरों में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पताल तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों की सेवा की जाएगी।
कार्यक्रम में आसपास के 10 ग्रामों के सरपंचों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। उप मुख्यमंत्री ने कन्हारगांव के आसपास के 10 ग्रामों में विकास कार्यों के लिए 10-10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को लघु वनोपजों के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के माध्यम से आजीविका बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों का लाभ स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए और महिला समूह इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि बस्तर का विकास बस्तर के स्थानीय युवाओं और यहां के लोगों की सहभागिता से ही होगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, ओरछा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मंगलूराम नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रॉबिन्सन गुरिया सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

