सूरजपुर : अनुदान पर मिले उन्नत नस्ल के नर बकरे से निखिल ने संवारी आजीविका

PTV BHARAT 1 JULY 2026 सूरजपुर : अनुदान पर मिले उन्नत नस्ल के नर बकरे से निखिल ने संवारी आजीविका – छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण पशुपालकों के लिए आय वृद्धि और आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बन रही हैं। पशुधन विकास विभाग द्वारा संचालित अनुदान पर नर बकरा वितरण योजना इसका सशक्त उदाहरण है। इस योजना का लाभ लेकर सूरजपुर जिले के ग्राम पोस्ट कारवाँ, विकासखंड सूरजपुर निवासी निखिल ने बकरी पालन को एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में स्थापित किया है।

वर्ष 2024-25 में योजना के अंतर्गत निखिल को विभाग द्वारा 3,500 रुपये की अनुदान सहायता प्रदान की गई, जिससे उन्होंने उन्नत नस्ल का नर बकरा खरीदा। उस समय उनके पास मात्र 6 बकरियां थीं। उन्नत नस्ल के बकरे के उपयोग से न केवल उनके पशुधन की गुणवत्ता में सुधार हुआ, बल्कि उत्पादन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। वर्तमान में उनके पास 11 बकरे-बकरियां हैं।

निखिल बताते हैं कि वे प्रतिवर्ष 8 से 10 बकरे-बकरियों का विक्रय कर रहे हैं, जिससे उन्हें लगभग एक लाख रुपये की वार्षिक आय प्राप्त हो रही है। इस अतिरिक्त आय से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और पशुपालन के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ा है।

निखिल ने कहा कि शासन की इस योजना से समय पर मिली सहायता ने उन्हें बेहतर नस्ल के पशुधन के माध्यम से आय बढ़ाने का अवसर दिया। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनकी आजीविका को भी सशक्त कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *