PTV BHARAT 1 JULY 2026 धमतरी : कृषि में नवाचार, अनुसंधान और आधुनिक तकनीक से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार प्रतिबद्ध: कृषि मंत्री रामविचार नेताम – छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण, आदिम जाति विकास, जैव प्रौद्योगिकी, मछलीपालन तथा पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने आज धमतरी जिले के प्रवास के दौरान कृषि, अनुसंधान एवं कृषक हित से जुड़े विभिन्न संस्थानों और परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद का भ्रमण कर वहां संचालित शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों का अवलोकन किया तथा जिले के विभिन्न ग्रामों में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं नवाचार आधारित परियोजनाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को किसानों के हित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद पहुंचने पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. नवनीत राणा ने मंत्री रामविचार नेताम का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान परियोजनाओं, विद्यार्थियों के प्रशिक्षण तथा कृषि नवाचारों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर मंत्री रामविचार नेताम ने महाविद्यालय के विभिन्न विभागों की आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट क्लास रूम, डिजिटल लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षा फोरम एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर अध्ययन व्यवस्था, शोध गतिविधियों तथा छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय एवं छात्रावास में उपलब्ध शैक्षणिक, तकनीकी एवं आधारभूत सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।
मंत्री रामविचार नेताम ने महाविद्यालय स्थित कृषि संग्रहालय में विद्यार्थियों द्वारा तैयार कृषि मॉडल, वैज्ञानिक प्रदर्शनी तथा मशरूम प्रसंस्कृत उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की नवाचारपूर्ण सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास भविष्य की आधुनिक, आत्मनिर्भर एवं तकनीक आधारित कृषि व्यवस्था की मजबूत नींव हैं।
इस दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त परदेशी सिद्धार्थ कोमल ने महाविद्यालय के संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कृषि शिक्षा में नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, कृषि अनुसंधान तथा कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तकनीकी दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कृषि एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़े नवाचारों का किया अवलोकन
धमतरी प्रवास के दौरान मंत्री रामविचार नेताम ने ग्राम मरौद में बीज प्रसंस्करण इकाई एवं नील-हरित काई उत्पादन का निरीक्षण किया। इसके पश्चात ग्राम चर्रा में मुर्गीपालन एवं बकरी पालन गतिविधियों का अवलोकन कर ग्रामीण आजीविका संवर्धन के प्रयासों की जानकारी ली। ग्राम छाती में मखाना की खेती तथा ग्राम देमार में संजय गांधी फिश हेचरी का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति एवं लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मंत्री रामविचार नेताम ने जिले के मत्स्यपालकों को मछली बीज का भी वितरण किया।
कृषि को तकनीक, अनुसंधान और नवाचार से जोड़ना समय की आवश्यकता : मंत्री रामविचार नेताम
इस अवसर पर मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय में वृद्धि, कृषि को लाभकारी बनाने तथा युवाओं को कृषि आधारित उद्यमिता से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, जैव प्रौद्योगिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी उन्नत तकनीकों का समावेश कृषि क्षेत्र को नई दिशा देगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान एवं शोध को खेतों तक पहुंचाकर किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए किसानों तक आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज, उन्नत कृषि पद्धतियों एवं वैज्ञानिक सलाह को समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए, ताकि कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में निरंतर वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर संचालक कृषि राहुल देव, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरूद, उपसंचालक कृषि मोनेश साहू, उप संचालक पशुपालन मरकाम, सहायक संचालक उद्यानिकी श्रीमती गीता साहू, सहायक संचालक मछलीपालन कमल कुमार के अलावा कृषि महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

