PTV BHARAT 3 JULY 2026 रायपुर : सहकारिता एक नारा नहीं, बल्कि जन-आंदोलन है : मंत्री केदार कश्यप – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा मिल रही है। इसी कड़ी में सहकारिता विभाग द्वारा राजधानी रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में ‘सहकार संकल्प दौड़’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने हरी झंडी दिखाकर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता केवल एक नारा नहीं, बल्कि जन-आंदोलन है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों, ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सहकारिता को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को आर्थिक रूप से समृद्ध करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सहकारिता विभाग ने पिछले ढाई वर्षों में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सहकारिता सप्ताह को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया गया है। प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) को अधिक सक्षम बनाया जा रहा है, किसानों को समय पर ऋण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। साथ ही युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसरों से जोड़ा जा रहा है।
‘सहकारिता की भावना के साथ, एक कदम समृद्ध छत्तीसगढ़ की ओर’
इस वर्ष की दौड़ “सहकारिता की भावना के साथ, एक कदम समृद्ध छत्तीसगढ़ की ओर” थीम पर आयोजित की गई। इसका उद्देश्य लोगों में सहयोग, एकता, स्वस्थ जीवनशैली और सामूहिक विकास का संदेश पहुंचाना था।
सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव से हुई शुरुआत
सहकार संकल्प दौड़ सुबह 6 बजे तेलीबांधा मरीन ड्राइव से शुरू हुई। इसमें प्रदेशभर से युवा, विद्यार्थी, किसान, सहकारी संस्थाओं के सदस्य, महिला समूहों और विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
दौड़ में पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान बेमेतरा के ओंकार वर्मा, द्वितीय अमलेश्वर के करण साहू और तृतीय स्थान पर खेमराज सोनकर रहे। महिला वर्ग में प्रथम मीरा साहू, द्वितीय पूर्णिमा साहू और तृतीय स्थान पर शिबू वर्मा रहीं। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः पांच हजार, तीन हजार और दो हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
सहकारिता से समृद्धि और स्वस्थ समाज का संकल्प
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह दौड़ केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सहकारिता, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता का जन-जागरूकता अभियान है। इसका उद्देश्य “सहकारिता से समृद्धि”, “साथ चलें, साथ बढ़ें” और “स्वस्थ समाज, समृद्ध प्रदेश” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
जनभागीदारी से मजबूत होगा सहकारिता आंदोलन
सहकारिता विभाग ने प्रदेशवासियों का उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही सहकारिता आंदोलन और अधिक मजबूत होगा। सहकारिता की भावना को गांव-गांव तक पहुंचाकर आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदारनाथ गुप्ता, मार्केटिंग फेडरेशन के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, राज्य सहकारी संघ के प्राधिकृत अधिकारी सौरभ शर्मा, सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप, अंबिकापुर बैंक के अध्यक्ष रामकृष्ण सिंह, मार्कफेड के एमडी जितेंद्र शुक्ला, अपेक्स बैंक के एमडी के.एन. कांडे सहित अपेक्स बैंक, नाबार्ड, बुनकर महासंघ और विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

