PTV BHARAT 3 JULY 2026 रायपुर : पीएम जनमन आवास योजना से पीव्हीटीजी परिवारों को मिल रहा सुरक्षित आवास – प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों को विभिन्न प्रकार की शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। पीएम जनमन आवास योजना विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के जीवन में न केवल सुधार ला रही है, बल्कि पक्के मकान के सपनों को भी साकार कर रही है।
बलरामपुर जिले के विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत चांची निवासी एतवा राम ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ वर्षों से कच्चे मकान में रह रहे थे। उनका परिवार रोजी-मजदूरी कर जीवनयापन करता है। आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। बरसात में टपकती छत, सर्दियों की ठिठुरन और गर्मियों की तपन उनके परिवार की मजबूरी बनी हुई थी।
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत उन्हें आवास की स्वीकृति मिली। समय पर राशि और सामग्री उपलब्ध होने से उनका मकान बनकर तैयार हुआ और आज वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित पक्के घर में रह रहे हैं। एतवा राम कहते हैं कि नए घर ने उन्हें जीवन की सबसे बड़ी खुशी दी है। अब उनका परिवार मौसम की मार से सुरक्षित है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का उद्देश्य विशेष पिछड़ी जनजातीय परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, ताकि वे अपना स्वयं का घर बनाकर गरिमामय जीवन जी सकें।

