गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : डॉयल-112 की त्वरित कार्रवाई से सर्पदंश पीड़िता युवती की बची जान

PTV BHARAT 5 JULY 2026 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : डॉयल-112 की त्वरित कार्रवाई से सर्पदंश पीड़िता युवती की बची जान – जिला पुलिस की डॉयल-112 सेवा ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सर्पदंश की शिकार एक युवती को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।

रात्रि लगभग 3:45 बजे डॉयल-112 गौरेला फालकन-1 को ग्राम धनौली से सर्पदंश की सूचना मिली। सूचना मिलते ही आरक्षक वीरेंद्र गर्ग एवं चालक लुपेंद्र कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां अनीता खुसरो (18 वर्ष), निवासी तेंदुआपारा, कोटा (जिला बिलासपुर), जो अपने रिश्तेदारों के यहां मेहमान के रूप में आई थीं, जमीन पर सोने के दौरान जहरीले सर्प के काटने से गंभीर रूप से प्रभावित मिलीं।

डॉयल-112 टीम ने बिना समय गंवाए युवती को परिजनों के साथ जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से युवती की स्थिति अब सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।

जिला पुलिस ने वर्षा ऋतु में सर्पदंश की घटनाओं की आशंका को देखते हुए नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से जमीन पर सोने के बजाय चारपाई या बिस्तर का उपयोग करने, मच्छरदानी लगाने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय न गंवाकर तत्काल डॉयल-112 अथवा निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *