PTV BHARAT 10 JULY 2026 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : डॉयल-112 की त्वरित सहायता से सर्पदंश पीड़िता महिला की बची जान – जिला पुलिस की डॉयल-112 टीम ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सर्पदंश की शिकार एक महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार रात्रि लगभग एक बजे डॉयल-112 गौरेला फालकन-एक को ग्राम जमुनिया टोला, धनौली से एक महिला के सर्पदंश की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही डॉयल-112 में तैनात आरक्षक रामदयाल आयाम एवं चालक गोपाल पुरी तत्काल मौके के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि ग्राम जमुनिया टोला धनौली निवासी 55 वर्षीय सोनकुंवर पनिका को रात्रि में जमीन पर सोने के दौरान जहरीले सर्प ने काट लिया था। डॉयल-112 टीम ने बिना विलंब किए पीड़िता को परिजनों के साथ ईआरवी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर उपचार मिलने से महिला की स्थिति अब सामान्य है तथा वह खतरे से बाहर बताई गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी ग्राम धनौली में सर्पदंश की शिकार एक युवती को डॉयल-112 की त्वरित सहायता से समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उसका जीवन बचाया गया था। जिला पुलिस ने वर्षा ऋतु में नागरिकों से सर्पदंश की घटनाओं से बचाव हेतु विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से जमीन पर सोने के बजाय चारपाई या बिस्तर का उपयोग करने, मच्छरदानी लगाने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय व्यर्थ न कर तत्काल डॉयल-112 अथवा निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने का आग्रह किया है।

