PTV BHARAT 15 JULY 2026 गरियाबंद : किसानों को समय पर मिल रहे खाद-बीज, टोकन व्यवस्था समाप्त होने से खेती की तैयारियों को मिली रफ्तार – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। किसानों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही वितरण व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाते हुए टोकन प्रणाली समाप्त कर आवश्यकतानुसार एकमुश्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इससे किसानों का समय बच रहा है तथा उन्हें बार-बार समिति के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। शासन द्वारा सभी सहकारी समितियों में खाद एवं बीज का नियमित भंडारण, उपलब्धता की सतत निगरानी तथा मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, ताकि खरीफ की बुवाई समय पर पूरी हो सके। किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि के साथ खेती अधिक लाभकारी बन सके।
इसी क्रम में ग्राम मुड़तराई (जेंजरा) अंतर्गत जेंजरा स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति से किसान गोपाल राम वर्मा ने यूरिया, डीएपी तथा प्रमाणित सरना धान बीज की 4 बोरी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक कृषि आदान एक ही स्थान पर और समय पर उपलब्ध होने से खेती की तैयारी आसान हो गई है तथा बुवाई कार्य बिना किसी बाधा के प्रारंभ किया जा सका। गोपाल राम वर्मा ने बताया कि पहले अलग-अलग समय पर खाद लेने अथवा टोकन के लिए इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब एकमुश्त खाद एवं बीज मिलने से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई इस व्यवस्था तथा समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

