PTV BHARAT 15 JULY 2026 कवर्धा : श्रावण महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने शुरू की व्यापक तैयारी – छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं धार्मिक धरोहर तथा लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा भोरमदेव मंदिर में इस वर्ष भी श्रावण मास के दौरान भव्य श्रावण महोत्सव एवं मेले का आयोजन किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री व कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देश पर पूरे श्रावण माह को धार्मिक, सांस्कृतिक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर तैयारियों की रूपरेखा तय की। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि श्रावण माह को और अधिक भव्य एवं जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए आगामी दिनों शहर के प्रबुद्धजनों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ अलग से बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी के सुझाव प्राप्त कर आयोजन को और अधिक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रावण माह के प्रथम सोमवार 03 अगस्त को बूढ़ा महादेव मंदिर से बाबा भोरमदेव मंदिर तक भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में जिलेवासी, श्रद्धालु एवं कांवड़ यात्री शामिल होंगे। इसके साथ ही पूरे श्रावण माह में मंदिर परिसर एवं आसपास विभिन्न धार्मिक गतिविधियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, नरेन्द्र मानिकपुरी, अमर कुर्रे, रवि राजपुत, लोकचंद साहू, विजय पाटिल, एसडीएम सागर सिंह राज, तहसीलदार हुलेश्वर पटेल सहित भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि बाबा भोरमदेव केवल कबीरधाम जिले ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रावण माह में यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर वर्मा ने संबंधित विभागों को समय-सीमा में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। विशेष रूप से साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रावण माह के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि बाबा भोरमदेव की धार्मिक महत्ता को देखते हुए श्रावण महोत्सव को जनभागीदारी के साथ भव्य स्वरूप दिया जाएगा। नगर पालिका परिषद द्वारा स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालयों की साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता की अपील की।
बैठक में इन व्यवस्थाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रमुख रूप से मंदिर को फूल-मालाओं एवं आकर्षक फूल-लड़ियों से सजाने, प्रत्येक सोमवार विशेष सजावट करने, मंदिर परिसर में वाटरप्रूफ टेंट लगाने, कांवड़ यात्रियों के ठहरने के लिए धर्मशाला, कांवड़िया भवन एवं पंचायत भवन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने पर चर्चा हुई। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए प्रवेश एवं निकासी द्वारों की व्यवस्थित व्यवस्था, मंदिर परिसर के पीछे स्थित शौचालयों की मरम्मत एवं नियमित साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, पूरे श्रावण माह तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्थायी स्वास्थ्य शिविर संचालित करने, प्राथमिक उपचार एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने सहित अनेक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णय लिए गए। बैठक में भोरमदेव पदयात्रा के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बुकलेट, फोटोग्राफ, प्रचार सामग्री तैयार करने, स्वागत द्वार स्थापित करने तथा गांव-गांव जनसंपर्क एवं प्रचार अभियान चलाकर अधिक से अधिक श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।

