रायपुर : आयुष्मान भारत वय वंदन योजना : छत्तीसगढ़ में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रथम, 81 प्रतिशत से अधिक बुजुर्गों के बने कार्ड

PTV BHARAT 16 JULY 2026 रायपुर : आयुष्मान भारत वय वंदन योजना : छत्तीसगढ़ में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रथम, 81 प्रतिशत से अधिक बुजुर्गों के बने कार्ड – आयुष्मान भारत वय वंदन योजना के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क और कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए कोई आय सीमा निर्धारित नहीं है। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सेवा परिदृश्य में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए योजना के सफल क्रियान्वयन में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

15 जुलाई 2026 को जारी राज्य स्तरीय समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, जिले ने अपने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है। यह सफलता जिला प्रशासन की प्रभावी कार्ययोजना और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के समर्पण का परिणाम मानी जा रही है।

81.17 प्रतिशत कवरेज के साथ प्रदेश में अव्वल

योजना के तहत जिले का लक्ष्य 27,514 पात्र वरिष्ठ नागरिकों का वय वंदन कार्ड बनाना था। इसके मुकाबले 22,333 बुजुर्गों के कार्ड सफलतापूर्वक बनाए जा चुके हैं। 81.17 प्रतिशत की कवरेज दर के साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पूरे छत्तीसगढ़ में पहले स्थान पर है, जबकि राज्य का औसत कवरेज 64 प्रतिशत है। जिले का यह प्रदर्शन अब अन्य जिलों के लिए भी एक मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अमले की सक्रिय भूमिका

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि शासन की सभी जनहितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले की सक्रियता और सुनियोजित कार्यप्रणाली को दिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने इसे टीम भावना का परिणाम बताते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जिला समन्वयक रोशन सचदेव, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO), मितानिनों तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर सर्वे किया, पात्र लाभार्थियों की पहचान की और उन्हें समय पर वय वंदन कार्ड उपलब्ध कराए।

इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्वास्थ्य विभाग का मनोबल बढ़ा है। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी सभी स्वास्थ्य योजनाओं और स्वास्थ्य सूचकांकों में इसी स्तर की उपलब्धि बनाए रखने का संकल्प दोहराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *