रायपुर : राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र दार्जिलिंग में पाँच दिवसीय बेसिक कमिश्नर कोर्स सम्पन्न

PTV BHARAT 17 JULY 2026 रायपुर : राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र दार्जिलिंग में पाँच दिवसीय बेसिक कमिश्नर कोर्स सम्पन्न – भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राष्ट्रीय मुख्यालय के तत्वावधान में 10 से 14 जुलाई 2026 तक राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र, कुर्सियांग (दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल) में आयोजित पाँच दिवसीय बेसिक कमिश्नर कोर्स सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ से राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा सहित जिला मुख्य आयुक्त, सहायक जिला मुख्य आयुक्त एवं संगठन के अन्य पदाधिकारी कुल 41 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता को मिला बल

प्रशिक्षण का उद्देश्य कमिश्नरों के नेतृत्व कौशल, संगठनात्मक क्षमता, प्रशिक्षण प्रबंधन तथा स्काउट-गाइड गतिविधियों के प्रभावी संचालन को मजबूत करना था। प्रशिक्षण के दौरान नेतृत्व, अनुशासन, टीम भावना, निर्णय क्षमता और व्यावहारिक गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया।

प्रतिभागियों को स्काउटिंग के सिद्धांत, संगठन संचालन, कार्यक्रम नियोजन, संचार कौशल, समस्या समाधान, टीम वर्क और सेवा भावना से जुड़े विषयों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रत्येक सत्र ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा, जिससे प्रतिभागियों के व्यक्तित्व और संगठनात्मक दक्षता में सकारात्मक वृद्धि हुई।

प्रशिक्षण से नई दिशा मिलेगी : खालसा

राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने कहा कि यह प्रशिक्षण उनके लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक रहा। इससे स्काउटिंग के प्रति समझ और गहरी हुई है तथा नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और संगठनात्मक दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों का उपयोग कर छत्तीसगढ़ में स्काउटिंग गतिविधियों को नई दिशा और गति दी जाएगी।

समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के सरल, प्रभावी और प्रेरणादायी मार्गदर्शन की सराहना की। सभी ने कहा कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्काउटिंग को अधिक प्रभावी, अनुशासित और जनसेवा उन्मुख बनाने में करेंगे। साथ ही ऐसे प्रशिक्षणों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर भी बल दिया।

प्रशिक्षण में शिविर संचालक अशोक देशमुख, सहायक प्रशिक्षण संचालक डॉ. पूनम सिंह साहू, सरिता पाण्डेय, राष्ट्रीय पर्यवेक्षक एस.एस. राय सहित राज्य के 41 पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *