PTV BHARAT 22 JULY 2026 सूरजपुर : बिजली उपभोक्ता से ऊर्जा उत्पादक बने शोभलाल यादव – प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ने जिले के अनेक परिवारों को स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया है। इसी कड़ी में सूरजपुर निवासी शोभलाल यादव की कहानी इस योजना के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाती है। उन्होंने अपने आवास पर योजना के अंतर्गत 3 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया है, जिससे उनके मासिक बिजली व्यय में उल्लेखनीय कमी आई है।
शोभलाल यादव बताते हैं कि सौर पैनल लगवाने से पहले उनका मासिक बिजली बिल लगभग 3,500 से 4,000 रुपये तक आता था। योजना का लाभ लेने के बाद पिछले लगभग आठ महीनों से उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है तथा इस अवधि में उन्हें बिजली बिल का भुगतान नहीं करना पड़ा। वे खुशी के साथ कहते हैं, “अब मैं केवल बिजली का उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली का उत्पादन भी कर रहा हूँ।”
उन्होंने बताया कि 3 किलोवाट क्षमता के सौर संयंत्र की स्थापना पर उन्हें केंद्र एवं राज्य शासन की ओर से कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे संयंत्र स्थापित करना और अधिक किफायती हो गया। उनका मानना है कि यह योजना न केवल बिजली खर्च कम करने में सहायक है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
शोभलाल यादव ने अन्य पात्र उपभोक्ताओं से भी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराने की अपील की। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

