दंतेवाड़ा : सेवा सेतु से आसान हुई दस्तावेज बनाने की प्रक्रिया, विद्यार्थियों के भविष्य को मिला नया सहारा

PTV BHARAT 23 JULY 2026 दंतेवाड़ा : सेवा सेतु से आसान हुई दस्तावेज बनाने की प्रक्रिया, विद्यार्थियों के भविष्य को मिला नया सहारा – प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर संचालित सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। इस अभियान के माध्यम से आवश्यक शासकीय दस्तावेज अब लोगों को समय पर और सरल प्रक्रिया के जरिए उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है।

प्रस्तुत कथा क्रम में कोआपारा, बड़े बचेली निवासी राजू कुंजाम ने अपने पुत्र रेवांथ कुंजाम का निवासी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया था। राजू कुंजाम ने बताया कि उनके पुत्र की आगे की पढ़ाई और विभिन्न शैक्षणिक प्रक्रियाओं के लिए निवासी प्रमाण पत्र आवश्यक था। पहले इस प्रकार के दस्तावेज बनवाने में कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन सेवा सेतु अभियान के माध्यम से उनका आवेदन सरलता से स्वीकार किया गया और समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध हो गया। उन्होंने कहा कि इससे उनके पुत्र की शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी सुविधा मिली है।

इसी प्रकार ग्राम मल्लेमुंडा, ग्राम पंचायत मुचनार निवासी संतुराम वेक ने अपने पुत्र सुभाष वेक का आय प्रमाण पत्र सेवा सेतु के माध्यम से बनवाया। उन्होंने बताया कि आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता शैक्षणिक एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए थी। सेवा सेतु अभियान के कारण उन्हें बिना अनावश्यक परेशानी के आवश्यक दस्तावेज प्राप्त हो गया। उन्होंने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण परिवारों का समय, श्रम और आर्थिक व्यय तीनों की बचत हो रही है।

सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से जिले के अनेक ग्रामीण परिवारों को विभिन्न प्रमाण पत्र एवं अन्य शासकीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। यह पहल न केवल नागरिकों को प्रशासन से जोड़ रही है, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य को भी नई दिशा देने का कार्य कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी जनहितकारी पहल से शासन की सेवाएं अब वास्तव में आम लोगों के द्वार तक पहुंच रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *