PTV BHARAT 23 JULY 2026 बालोद : बालोद जिला प्रशासन द्वारा 30 जुलाई को महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान का किया जाएगा आयोजन – बालोद जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित करने हेतु समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से जिले में अधिक से अधिक पौधरोपण करने के लिए गुरुवार 30 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस महती अभियान में जिले के महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हितग्राहियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु इस अवसर पर गुरुवार 30 जुलाई को महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान का भी आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने महतारी वंदन योजना से लाभान्वित बालोद जिले के लगभग 2 लाख 50 हजार हितग्राहियों से गुरुवार 30 जुलाई को जिला प्रशासन द्वारा आयोजित महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ महतारी (मां)’ के नाम से पौधरोपण कर रोपे गए पौधों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की है।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण एवं संवर्धन करना हम सबकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जलशक्ति अभियान कार्यक्रम ‘कैच द रेन’ के अंतर्गत वृक्षारोपण को बढ़ावा देकर जल संचयन का जो लक्ष्य हमें दिया है, उसे पूरा करने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए जिले की महतारी वंदन योजना से लाभान्वित लगभग 2 लाख 50 हजार महिलाओं से गुरुवार 30 जुलाई को ‘एक पेड़ महतारी (मां)’ के नाम से अनिवार्य रूप से पौधरोपण करने का आग्रह किया है।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि गुरुवार 30 जुलाई को सुबह 11 बजे जिला प्रशासन द्वारा आयोजित महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का एक हिस्सा है। इस अवसर पर उन्होंने महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हितग्राहियों के अलावा जिले की सभी मातृशक्तियों एवं बालिकाओं से भी जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन हेतु चलाए जा रहे इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।
इसके अंतर्गत उन्होंने जिले की सभी मातृशक्तियों से अपने घर, बाड़ी एवं खेत के आसपास की शासकीय भूमि, आंगनबाड़ी तथा पंचायत भवन परिसर में अपनी मां के नाम पर या अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के नाम पर अनिवार्य रूप से पौधा लगाकर उसकी समुचित देखभाल करने का आग्रह किया है।
कलेक्टर ने कहा कि पौधरोपण के लिए सभी पौधे जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क पंचायतों तक पहुंचाकर वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के दौरान पौधों के साथ अपनी फोटो निर्धारित सेल्फी लिंक पर अपलोड करने पर पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए प्रमाण पत्र भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि आपका छोटा-सा प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और आने वाली पीढ़ी के लिए मिसाल बनेगा।

