PTV BHARAT 24 JULY 2026 सूरजपुर : बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत पंछीडांड़ (केरता) प्रतापपुर में जागरूकता शिविर आयोजित – कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला सूरजपुर द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंछीडांड़ (केरता), विकासखंड प्रतापपुर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आमजन को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ फरजाना द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, मासिक धर्म स्वच्छता, बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों एवं बाल विवाह रोकने के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने जरूरत पड़ने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का उपयोग करने की सलाह दी तथा यातायात नियमों की भी जानकारी साझा की।
जेंडर विशेषज्ञ सलोमी कुजूर ने नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर, घरेलू हिंसा एवं महिला उत्पीड़न से संबंधित सहायता सेवाओं, महिला हेल्पलाइन 181 तथा आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी भी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान सारिका द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया एवं ब्रोशर का वितरण किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मो. नसीम अंसारी, व्याख्याता पुष्पा कुजूर, सरस्वती यादव, अर्चना दूबे, अंजली बड़ा, रूची खलखो एवं बंसती मरकाम भी उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ।

