सूरजपुर : दो दिवसीय फोटोग्राफी कार्यशाला संपन्न

PTV BHARAT 24 JULY 2026 सूरजपुर : दो दिवसीय फोटोग्राफी कार्यशाला संपन्न – डिजिटल युग में फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के बढ़ते महत्व को देखते हुए विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यवसायिक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सूरजपुर एवं निकोन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित दो दिवसीय फोटोग्राफी कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

कार्यशाला में स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। विशेषज्ञों ने आधुनिक कैमरा तकनीकों, कैमरे एवं विभिन्न प्रकार के लेंस की संरचना, उपयोगिता तथा उनके व्यवहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों को कैमरा संचालन, कंपोजिशन, प्रकाश व्यवस्था तथा प्रभावी फोटोग्राफी के मूलभूत सिद्धांतों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कार्यशाला के दूसरे दिन प्रतिभागियों को कैमरे के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्हें फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराया गया तथा रचनात्मक कौशल को व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला में शासकीय रेवती रमण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय, पीएमश्री सेजस नवापारा, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरजपुर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यशाला के सफल आयोजन में डीएमसी मनोज कुमार साहू, पर्यटन विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. मोहन लाल साहू, प्रभारी प्राचार्य बृजलाल साहू, सहायक प्राध्यापक अनिल चक्रधारी, निकोन टीम के गौरव जैन एवं अनुग्रह पुरोहित, प्रशिक्षक मोहित साहू तथा विभिन्न विद्यालयों के नोडल शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *