गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : ‘‘एक पेड़ मां के नाम 3.0‘‘ के तहत हुआ वृहद वृक्षारोपण

PTV BHARAT 24 JULY 2026 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : ‘‘एक पेड़ मां के नाम 3.0‘‘ के तहत हुआ वृहद वृक्षारोपण – वन महोत्सव के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवागांव (पेंड्रा) में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा ‘‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाना और जनसामान्य को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची रहे।

विधायक ने जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पौधे पहुंचाने के उद्देश्य से एटीएम ट्री वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करने का संकल्प लेने का आग्रह किया और उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए साइकिल स्टैंड निर्माण की घोषणा की। वहीं जनपद सदस्य पूर्णिमा पैकरा ने विद्यालय में प्रार्थना शेड निर्माण हेतु 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणादायी सोच है। उन्होंने सभी नागरिकों से एक-एक पौधा लगाने और उसकी सुरक्षा करने का आह्वान किया।

विधायक ने बादाम, जिला पंचायत अध्यक्ष ने आंवला, कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आम तथा वनमंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद ने कदम के पौधे का रोपण किया। इसी तरह कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर, पेंड्रा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राकेश जालान, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, सरपंच नरेश पैकरा सहित गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी तथा विद्यालय के शिक्षकगण, एनसीसी, स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *