PTV BHARAT 24 JULY 2026 रायगढ़ : सुशासन सरकार में तेजी से बढ़ रहे विकास कार्य, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर परखी गुणवत्ता – प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कहा कि सुशासन की सरकार में रायगढ़ के समग्र विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। शहर में नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने शहर की प्रमुख निर्माणाधीन परियोजनाओं का गुणवत्ता सुनिश्चित करने स्थलीय निरीक्षण भी किया और प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने फोर-लेन सड़क, गोवर्धनपुर पुल, मरीन ड्राइव, दूध डेयरी एवं एफसीआई ऑक्सीजोन, चांदमारी एवं मोदीनगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और लोहरसिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित कई परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। प्रत्येक स्थल पर उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, तकनीकी गुणवत्ता, कार्य की समय-सीमा तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
शहर में फोर-लेन सड़क निर्माण से मिलेगी यातायात को नई दिशा
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए कोतरारोड थाना चौक से ढिमरापुर, ढिमरापुर से सीएमएचओ कार्यालय तिराहा तथा सर्किट हाउस मार्ग सहित विभिन्न हिस्सों में फोर-लेन सड़क निर्माण से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी तथा नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। इसी तरह गोवर्धनपुर पुल शहर की बहुप्रतीक्षित और महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। इसका कार्यादेश जारी हो चुका है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य तेज गति से प्रारंभ होगा। पुल बनने के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा और लोगों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
वर्षों से लंबित परियोजनाओं को मिल रही प्राथमिकता
वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं पिछले तीन से चार दशकों से विभिन्न कारणों से लंबित थीं। राज्य सरकार अब इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि शहर को आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और उनका लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचे। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बारिश, गर्मी अथवा सर्दी हर मौसम में विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जनता को जल्द से जल्द इन परियोजनाओं का लाभ मिल सके।
उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे होंगे सभी निर्माण कार्य
वित्त मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, जिससे रायगढ़ को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित, सुविधासंपन्न और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित शहर के रूप में स्थापित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

