PTV BHARAT 24 JULY 2026 मुंगेली : ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान 3.0 : उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पौधरोपण कर वन महोत्सव का किया शुभारंभ – पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान 3.0 का शुभारंभ लोरमी विकासखंड के ग्राम बैगाकापा में किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कल्पवृक्ष, कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सीता अशोक, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय तथा जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने पौधा लगाकर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से स्कूल परिसर में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया गया तथा उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शासकीय हाई स्कूल बैगाकापा के विद्यार्थियों एवं पर्यावरण स्वयंसेवकों ने सीड बॉल (बीज गेंद) निर्माण का प्रदर्शन किया तथा इसके महत्व की जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए ‘वृक्ष मित्र वाहन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन गांवों और शहरों में जाकर नींबू, मुनगा, बिही, जामुन आदि के पौधे वितरित कर नागरिकों को पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित करेगा।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक चुनौती है और इससे निपटने के लिए वृक्षारोपण के साथ वर्षा जल संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। प्रकृति के संतुलन के लिए पेड़, पानी और पर्यावरण का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की चुनौती का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा वर्षा जल संरक्षण करने के लिए प्रेरित किया, ताकि ग्रीष्मकाल में जल संकट से बचा जा सके।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने ग्राम बैगाकापा में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि गांव में लगभग 21 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं तथा 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से नवीन माध्यमिक शाला भवन का निर्माण प्रगति पर है। उपमुख्यमंत्री ने जी-राम योजना के तहत मुक्तिधाम बनाने तथा शौचालय निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही बैगाकापा में पंचायत भवन और मिडिल स्कूल निर्माण की स्वीकृति की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विद्यालय में स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्य भी तेजी से संचालित हैं।
कलेक्टर ने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी के जीवन चक्र का आधार हैं। बदलते मौसम और अनियमित वर्षा जलवायु परिवर्तन के स्पष्ट संकेत हैं। ऐसे समय में केवल पौधे लगाने के साथ ही उनका संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आग्रह किया। कलेक्टर ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी, जो इंजीनियरिंग, मेडिकल एवं सिविल सर्विस क्षेत्रों में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा, ताकि वे अपने भविष्य को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें।
वनमंडलाधिकारी ने कहा कि आज समय केवल पर्यावरण संरक्षण की बात करने का नहीं, बल्कि धरातल पर कार्य करने का है। भारतीय संस्कृति में पीपल, बरगद, नीम, आम और कल्पवृक्ष जैसे वृक्षों को जीवनदायी और पूजनीय माना गया है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मां की तरह जीवनभर हमारा संरक्षण करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने, जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा जन्मदिन, विवाह, स्मृति दिवस और अन्य विशेष अवसरों पर पौधारोपण को सामाजिक परंपरा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

