PTV BHARAT 1 AUGUST 2026 रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सत्य साई ग्राम के सेवा मॉडल को बताया जनकल्याण का प्रेरक उदाहरण – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कर्नाटक के सत्य साई ग्राम, मुद्देनहल्ली का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और मानवीय मूल्यों पर आधारित समग्र सेवा मॉडल का अवलोकन किया। उन्होंने वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक सद्गुरु मधुसूदन साई से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा मूल्य आधारित शिक्षा के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का आधार केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। समाजसेवी संस्थाओं के अनुभव और सेवा भावना से जनकल्याण के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, रायपुर द्वारा निःशुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा के माध्यम से हजारों बच्चों को नया जीवन देने के कार्य की सराहना की। उन्होंने अस्पताल के विस्तार, मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल की स्थापना तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
मूल्य आधारित शिक्षा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सेवा, करुणा, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का आधार भी होनी चाहिए। सम्मेलन में 25 देशों से आए 100 से अधिक शिक्षकों और शिक्षाविदों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने श्री सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट की साईश्योर न्यूट्रास्यूटिकल्स इकाई का भी अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से देश के 25 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों में लगभग एक करोड़ बच्चों तक पोषण सहायता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में ऐसे नवाचारों के उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही यहां नर्सिंग शिक्षा प्राप्त कर रहे छत्तीसगढ़ के लगभग 300 युवाओं की पहल को रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ सरकार और वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी तथा गरीब और जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का दायरा और अधिक व्यापक होगा।

