रायपुर : प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से बदल रही तस्वीर : शुभम राठौर का परिवार बना ऊर्जा आत्मनिर्भरता का उदाहरण

PTV BHARAT 17 AUGUST 2026 – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से बदल रही तस्वीर, शुभम राठौर का परिवार बना ऊर्जा आत्मनिर्भरता का उदाहरण – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्वच्छ एवं सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए संचालित ‘पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी परिवार अपनी छतों पर सोलर प्लांट स्थापित कर न केवल अपनी बिजली जरूरतों को पूरा कर रहे हैं, बल्कि बिजली खर्च में भी उल्लेखनीय कमी ला रहे हैं।

गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत भदौरा निवासी शुभम राठौर ने योजना का लाभ उठाते हुए अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया है। सोलर प्लांट लगने से पहले उन्हें हर महीने करीब 400 से 500 रुपये बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था, लेकिन अब उनका बिजली खर्च लगभग समाप्त हो गया है।

योजना के अंतर्गत राठौर को केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई, जबकि राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी भी प्रदान की गई। इस सहायता से उनके लिए सोलर प्लांट लगाना आर्थिक रूप से काफी आसान हो गया।

शुभम राठौर बताते हैं कि अब उन्हें बिजली बिल की चिंता नहीं रहती, क्योंकि घर की आवश्यक बिजली उनकी छत पर ही सौर ऊर्जा से तैयार हो रही है। सोलर प्लांट से आवश्यकता से अधिक उत्पन्न बिजली ग्रिड में चली जाती है, जिसका समायोजन बिजली बिल में किया जाता है। इससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।

इस पहल से राठौर का परिवार न केवल ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहा है। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी उपयोग कर आम परिवार भी ऊर्जा आत्मनिर्भरता और आर्थिक बचत की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *