PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – धमतरी : स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख निर्माण में धमतरी जिला प्रदेश में अव्वल – ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि पर निवासरत परिवारों को उनकी भूमि पर स्वामित्व का वैधानिक अधिकार प्रदान करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की स्वामित्व योजना का धमतरी जिले में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के तहत पात्र परिवारों के अधिकारों का अभिलेखीकरण कर उन्हें अधिकार अभिलेख वितरित किए जा रहे हैं। गुणवत्तापूर्ण अधिकार अभिलेख निर्माण एवं वितरण के क्षेत्र में धमतरी जिला प्रदेश में अग्रणी रहा है।
501 राजस्व ग्रामों में हुआ ड्रोन सर्वेक्षण
स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिले के 501 राजस्व ग्रामों में ड्रोन सर्वेक्षण कराया गया। ड्रोन से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर भारत सरकार की कार्यान्वयन एजेंसी सर्वे ऑफ इंडिया से प्राप्त मानचित्रों का भौतिक सत्यापन कराया गया।
इस दौरान मैदानी स्तर पर स्थल सत्यापन, पात्र परिवारों की पहचान तथा आबादी भूमि से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया गया, ताकि तैयार किए जा रहे अधिकार अभिलेख शुद्ध, प्रमाणिक और त्रुटिरहित हों।
312 ग्रामों के अभिलेख पोर्टल पर अपलोड
योजना के तहत अब तक 312 ग्रामों के अभिलेख पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं तथा 50 हजार से अधिक अधिकार अभिलेख पात्र हितग्राहियों को वितरित किए जा चुके हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को अपनी आबादी भूमि के संबंध में स्पष्ट और वैधानिक अभिलेख प्राप्त हुए हैं।
अधिकार अभिलेख मिलने से ग्रामीणों को संपत्ति के स्वामित्व का प्रमाण उपलब्ध होने के साथ भविष्य में बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं का लाभ लेने, संपत्ति संबंधी लेन-देन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में भी सुविधा मिल सकेगी।
अभिलेखों की शुद्धता और पारदर्शिता पर विशेष जोर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का विधिवत अधिकार प्रदान करने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिले में योजना के क्रियान्वयन में अभिलेखों की शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष ग्रामों में आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी कर पात्र परिवारों को अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने तथा किसी भी स्तर पर त्रुटि की गुंजाइश नहीं रखने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीण परिवारों के लिए बढ़ेंगे आर्थिक अवसर
स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति संबंधी विवादों को कम करने, भूमि अभिलेखों को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने तथा ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति के माध्यम से आर्थिक अवसरों से जोड़ने में मदद मिल रही है।
धमतरी में योजना के तहत की जा रही यह कार्रवाई ग्रामीण विकास और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई है।

