PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – अम्बिकापुर : राष्ट्रीय खाद्य एवं पोषण सुरक्षा मिशन से किसानों को मिल रहा लाभ – राष्ट्रीय खाद्य एवं पोषण सुरक्षा मिशन के अंतर्गत मोटा अनाज योजना के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और फसल उत्पादन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के जरिए किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़कर उत्पादन और आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इसी क्रम में अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम कृष्णापुर निवासी किसान रमेश रजवाड़े ने इस वर्ष कृषि विभाग के मार्गदर्शन में 2 एकड़ क्षेत्र में मक्का की खेती की है। ग्राम सेवक के माध्यम से उन्हें 2 एकड़ के लिए मक्का का बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया गया, जिसे उन्होंने निर्धारित कतार पद्धति से खेत में लगाया। वर्तमान में उनकी मक्का की फसल अच्छी स्थिति में है और फसल की बढ़वार देखकर वे उत्साहित हैं।
उड़द से मक्का की खेती की ओर बढ़े
रमेश रजवाड़े ने बताया कि पिछले वर्ष वे उड़द की खेती कर रहे थे, लेकिन इस वर्ष शासन के मार्गदर्शन में उन्होंने मक्का की खेती करने का निर्णय लिया। कृषि विभाग ने उन्हें मक्का का बीज उपलब्ध कराने के साथ फसल को कतार में लगाने की जानकारी भी दी।
फसल की बुवाई के बाद उन्होंने समय-समय पर दवा का छिड़काव किया और नियमित रूप से खेत की देखभाल की।
कृषि विभाग से मिल रहा तकनीकी मार्गदर्शन
किसान ने बताया कि ग्राम सेवक एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले से खेती-किसानी से संबंधित मार्गदर्शन समय-समय पर मिल रहा है। इससे उन्हें फसल प्रबंधन और देखभाल में सुविधा हो रही है। उन्हें उम्मीद है कि अच्छी फसल प्राप्त होगी और इससे उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
रमेश रजवाड़े ने किसानों को निःशुल्क बीज उपलब्ध कराने और कृषि संबंधी मार्गदर्शन देने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
वैज्ञानिक खेती को मिल रहा बढ़ावा
राष्ट्रीय खाद्य एवं पोषण सुरक्षा मिशन के तहत बीज और तकनीकी मार्गदर्शन मिलने से किसानों के बीच नई कृषि तकनीकों को अपनाने का रुझान बढ़ रहा है। कतारबद्ध तरीके से फसल लगाने जैसी वैज्ञानिक पद्धतियों से किसानों में बेहतर उत्पादन को लेकर भरोसा बढ़ रहा है।
कृषि विभाग द्वारा योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ फसल प्रबंधन और बेहतर उत्पादन के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

