जगदलपुर : सड़क हादसे में घायल जवानों से मिले वन मंत्री केदार कश्यप

PTV BHARAT 24 AUGUST 2026 – जगदलपुर : सड़क हादसे में घायल जवानों से मिले वन मंत्री केदार कश्यप – वन मंत्री केदार कश्यप ने डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल अस्पताल पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल जवानों का हालचाल जाना और उनके उपचार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने घायल जवानों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सरकारी सहयोग का भरोसा दिलाया।

सभी जवान सुरक्षित, उपचार जारी

अस्पताल के डॉक्टरों से चर्चा के बाद वन मंत्री ने बताया कि सभी घायल जवान सुरक्षित हैं और उनका समुचित उपचार जारी है। उन्होंने स्वर्गीय बलिराम कश्यप मेमोरियल मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू और कॉन्टिनेंटल अस्पताल के सहायक महाप्रबंधक डॉ. संतोष कुमार सिंह से जवानों की रिकवरी और आगे की उपचार योजना पर चर्चा की।

मंत्री ने बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

23 अगस्त को हुआ था हादसा

23 अगस्त को वन मंत्री केदार कश्यप ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भानपुरी थाना क्षेत्र में कोंडागांव की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने काफिले के पायलट वाहन को पार करते हुए मंत्री की गाड़ी के साइड मिरर को छुआ और फिर स्पेयर वाहन से टकराकर फॉलो वाहन से जा भिड़ी।

हादसे में फॉलो वाहन के चालक और उसमें सवार पुलिस जवान घायल हो गए।

मंत्री ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल

दुर्घटना के तुरंत बाद मंत्री केदार कश्यप ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

मंत्री ने घायल जवानों और उनके परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके उपचार और आवश्यक सहायता में किसी तरह की कमी नहीं होने देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *