PTV BHARAT 29 AUGUST 2026 – रायपुर : अंतिम सांस तक संघर्ष की सीख देता है खेल : कुलपति प्रो. मनोज दयाल – राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू), रायपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी अंतिम क्षण तक संघर्ष कर विजय हासिल करने का साहस देता है।
खेल से विकसित होते हैं जीवन के जरूरी गुण
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. दयाल ने कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, धैर्य, उत्साह, सकारात्मकता और आपसी समन्वय जैसे जीवन-मूल्यों का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि ये गुण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को संतुलित और बहुआयामी बनाने के साथ तनावमुक्त जीवन जीने में भी मदद करते हैं।
पारंपरिक और नवाचारी खेलों में दिखा उत्साह
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न पारंपरिक और नवाचारी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने ‘ओंकार दौड़’, ‘केंद्र कबड्डी’, ‘नेताजी की पहचान’, ‘मत चूको चौहान’, ‘शेर-आदमी-बंदूक’ और ‘सुदर्शन चक्र’ जैसी स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिक्षकों और विद्यार्थियों ने निभाई खेल भावना
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. मनोज दयाल के साथ कुलसचिव सुनील शर्मा, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और राष्ट्रीय खेल दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया।

